चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी में जारी आंतरिक विवाद के बीच चाईबासा नगर कांग्रेस कमेटी ने बगावती रुख अपनाते हुए सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। नगर उपाध्यक्ष, महासचिव और कई वार्ड अध्यक्षों सहित दर्जनों सक्रिय कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया।
कांग्रेस भवन चाईबासा में रविवार को इस्तीफे से जुड़ा पत्र जिला कांग्रेस अध्यक्ष रंजन बोइपाई के नाम सौंपा गया, जिसे कार्यालय सचिव सुशील दास को दिया गया। इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा चाईबासा नगर अध्यक्ष मो. सलीम को निलंबित करना और कार्यकर्ताओं की भावना के विपरीत दूसरे व्यक्ति को प्रत्याशी घोषित करना पूरी तरह गलत फैसला है।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस निर्णय से जमीन स्तर पर काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठा का अपमान हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी नेतृत्व ने स्थानीय कार्यकर्ताओं की राय को पूरी तरह नजरअंदाज किया है।
नगर कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संयुक्त बयान में कहा कि जब उनकी बातों और सुझावों को कोई महत्व नहीं दिया जा रहा है, तो वे इस व्यवस्था का हिस्सा नहीं बने रह सकते। इसी कारण सभी ने एकमत होकर पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
सामूहिक इस्तीफा जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय को सौंप दिया गया है। राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को आगामी चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

