*रांची :* रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना अब हत्या के मामले में बदल गई है। पहले गंभीर रूप से घायल हुए युवक की रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम शंकर लोहरा (34 वर्ष) बताया गया। वह डिबडीह के जेवियर कॉलोनी का रहने वाला है।
*30 जनवरी को दर्ज हुई थी प्राथमिकी*
मामला बीते 30 जनवरी का है। साउथ ऑफिस पाड़ा की रहने वाली बेवा महिला लक्ष्मी देवी (48 वर्ष) ने डोरंडा थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि शंकर नाम का युवक और कुछ अन्य अज्ञात लोगों ने उनके बेटे अभिषेक लोहरा (24 वर्ष) के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस आधार पर डोरंडा थाना कांड संख्या 34/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
*रिम्स में चल रहा था इलाज, 6 फरवरी को तोड़ा दम*
घटना में घायल अभिषेक लोहरा को गंभीर हालत में रिम्स में भर्ती कराया गया था। करीब एक हफ्ते तक डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चलता रहा, लेकिन 6 फरवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पूरे इलाके में गम और आक्रोश का माहौल है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
*एसएसपी के निर्देश पर तेज हुई कार्रवाई*
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। हटिया डीएसपी प्रमोद मिश्रा के नेतृत्व में डोरंडा थाना पुलिस ने छापेमारी कर प्राथमिकी आरोपी शंकर लोहरा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
अब मामला और गंभीर
घटना पहले मारपीट का था, लेकिन युवक की मौत के बाद केस और गंभीर हो गया है। संभावना है कि पुलिस अब संबंधित धाराओं में संशोधन भी करेगी। इलाके के लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि दोबारा ऐसी नौबत न आए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

