जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में विद्यापति नगर और सिदगोड़ा बाजार स्थित शराब दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। शनिवार को पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सरायकेला-खरसावां जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया, जो पेशेवर तरीके से शराब दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस के अनुसार, सिदगोड़ा बाजार स्थित शराब दुकान में हुई चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। फुटेज की गहन जांच के दौरान संदिग्धों के चेहरे स्पष्ट रूप से सामने आए। इसी क्रम में 6 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि फुटेज में दिख रहे हुलिए से मेल खाते दो युवक सिदगोड़ा और बिरसानगर की सीमा क्षेत्र में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना की गश्ती टीम, टाइगर मोबाइल और पीसीआर वाहन को सक्रिय किया गया। पुलिस ने बारीडीह बाजार स्थित मणिपाल हॉस्टल के पीछे घोड़ा मंदिर रोड के पास घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों युवकों ने सिदगोड़ा सहित अन्य क्षेत्रों की शराब दुकानों में चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक लोहार उर्फ चेपा (23 वर्ष), निवासी आदित्यपुर अलकतरा बस्ती, काली मंदिर के पास, और रितिक पाल (25 वर्ष), निवासी आदित्यपुर-2, हनुमान मंदिर के पास (किरायेदार) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान कार्तिक लोहार के पास से 2700 रुपये नकद जबकि रितिक पाल के पास से 3300 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। साकची थाना में कांड संख्या 151/24 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है, वहीं कदमा थाना में भी चोरी से संबंधित कांड संख्या 148/2023 दर्ज है।
इस पूरे अभियान में सिदगोड़ा थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार, सहायक अवर निरीक्षक संजीव कुमार, सहायक अवर निरीक्षक देवशरण महतो और हवलदार जुवेल होरो की अहम भूमिका रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

