Breaking
Sat. Feb 7th, 2026

चुनाव चिन्ह मिलते ही तेज हुआ जनसंपर्क, मधु बाजार में महिलाओं से मिले सुनील प्रसाद साव

चाईबासा: नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह मिलने के साथ ही चुनावी माहौल गर्म हो गया है। सभी प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ शहर के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क कर रहे हैं और मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।

इसी क्रम में चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुनील प्रसाद साव ने मधु बाजार में महिलाओं के साथ एक बैठक आयोजित की। इस संबंध में जानकारी उनके प्रवक्ता द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई। बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं शामिल हुईं।

बैठक को संबोधित करते हुए सुनील प्रसाद साव ने कहा कि वह इसी वार्ड के रहने वाले हैं और एक भाई व बेटे के रूप में जनता का आशीर्वाद लेकर अध्यक्ष पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से जो भी वादे किए जाएंगे, उन्हें पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी।

उन्होंने बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता यह है कि नगर परिषद प्रत्येक माह हर वार्ड में कैंप आयोजित करे, ताकि नगर पालिका से जुड़े सभी कार्य वहीं पर पूरे किए जा सकें। इससे लोगों, खासकर महिलाओं को नगर परिषद कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान उनके घर के पास ही हो, यही उनका उद्देश्य है।

सुनील प्रसाद साव ने आगे कहा कि नाली, सड़क, बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं पर व्यापक स्तर पर काम किया जाएगा। शहर के हर वार्ड में साफ-सफाई, बेहतर जल निकासी और सुदृढ़ सड़क व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए एक अच्छे पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जोड़ा तालाब क्षेत्र को चिन्हित किया गया है, जहां एक सुंदर और सुविधाजनक पार्क बनाया जाएगा, ताकि लोग वहां समय बिता सकें और बच्चों को खेलने के लिए सुरक्षित स्थान मिल सके।

सुनील प्रसाद साव की बातों को सुनकर बैठक में मौजूद महिलाओं ने उनके प्रति समर्थन जताया और चुनाव में सहयोग देने का वादा किया। बैठक के दौरान महिलाओं ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुनने और समाधान का भरोसा प्रत्याशी द्वारा दिया गया।

Related Post