चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत 16 अगस्त 2024 से 15 अगस्त 2026 के कार्यकाल के लिए गठित मंडलीय रेल उपभोक्ता परामर्श समिति (डीआरयूसीसी) की तीसरी बैठक शुक्रवार को डीआरएम सभागार, चक्रधरपुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने की। बैठक का उद्देश्य यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करना और सेवा गुणवत्ता में और अधिक सुधार के उपायों पर विचार-विमर्श करना रहा।
बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजीतेंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस. के. मिश्रा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) अवनीश, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) राम प्रताप मीणा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता राजीव रंजन रसिक, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक हेमंत मधुर, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. ऋषव सिन्हा तथा विद्युत अभियंता (सामान्य) एस. सी. मोहंती सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक का वातावरण सकारात्मक और रचनात्मक रहा, जिसमें डीआरयूसीसी सदस्यों द्वारा यात्रियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, ट्रेनों के संचालन, स्वच्छता, सुरक्षा एवं समयबद्धता जैसे विषयों पर सुझाव और समस्याएं रखी गईं। मंडल रेल प्रबंधक ने सदस्यों द्वारा उठाए गए बिंदुओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में डीआरयूसीसी सदस्यों के रूप में सरायकेला-खरसावां चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, झारखंड से नामित प्रेम चंद्र अग्रवाल, रुंगटा माइंस लिमिटेड, चाईबासा के सेल्स, मार्केटिंग एवं लॉजिस्टिक्स के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव, अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, धुतरा (ओडिशा) से नामित राकेश रंजन साहू, बargarh (ओडिशा) के सांसद प्रदीप पुरोहित के नामित प्रतिनिधि ललित मगर, छोटानागपुर पैसेंजर एसोसिएशन, जमशेदपुर के कार्यकारी सदस्य संजीत कुमार मिश्रा तथा खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा के नामित प्रतिनिधि छोटराय किस्कू उपस्थित रहे।
मंडल रेल प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि यात्रियों की सुविधा और संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए प्राप्त सुझावों पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी, ताकि चक्रधरपुर मंडल में रेल सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाया जा सके।

