प्रेस वार्ता में बोलीं—चुनाव जीतना नहीं, जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है मक़सद
जमशेदपुर: शहर में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में मानगो से मेयर पद की प्रत्याशी ज़ेबा क़ादरी ने नामांकन दाख़िल करने के बाद बुधवार को प्रेस वार्ता आयोजित की, जहां उन्होंने अपने चुनावी एजेंडे और प्राथमिकताओं को लेकर खुलकर बातें रखीं।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ज़ेबा क़ादरी ने कहा कि “मानगो की तरक्की आदिवासियों के बिना अधूरी है।” उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के भरोसे और उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरना है।
ज़ेबा क़ादरी ने बताया कि उन्हें मानगो की जनता के प्यार के साथ-साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) का भी पूरा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मानगो की जनता आज कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, जिनमें पानी, बिजली, शिक्षा और नशाखोरी जैसी गंभीर समस्याएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “जनता की परेशानी ही मेरी परेशानी है। इसी पीड़ा को महसूस करते हुए मैंने चुनाव लड़ने का फ़ैसला किया है। मैं यहीं की पैदाइश हूं, इसलिए मानगो की समस्याओं को नज़दीक से समझती हूं।”
ज़ेबा क़ादरी ने भरोसा दिलाया कि यदि उन्हें जनता ने मौका दिया, तो चुनाव जीतने के बाद उनकी सबसे पहली प्राथमिकता मानगो की बुनियादी समस्याओं का समाधान करना होगा। उन्होंने कहा कि वे विकास, सामाजिक समरसता और जनहित को केंद्र में रखकर काम करेंगी।
नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र ज़ेबा क़ादरी की इस प्रेस वार्ता को मानगो की सियासी तस्वीर में एक अहम क़दम के रूप में देखा जा रहा है।

