*रांची :* रांची में नाबालिग जसीम मंसूरी की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि जसीम की हत्या किसी आपराधिक गैंगवार या पुरानी रंजिश का नतीजा नहीं थी, बल्कि नाजायज संबंधों के विरोध में उसे मौत के घाट उतार दिया गया। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहिद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस हत्याकांड को पुंदाग ओपी क्षेत्र के लाजपत नगर में अंजाम दिया गया था। एक निर्माणाधीन अपार्टमेंट से जसीम मंसूरी का खून से लथपथ शव बरामद किया गया था। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तेजी से कार्रवाई की और आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जांच में खुलासा हुआ कि मृतक जसीम मंसूरी नाजायज संबंधों का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी शाहिद अंसारी उससे नाराज चल रहा था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने जसीम की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को निर्माणाधीन अपार्टमेंट की बिल्डिंग के ऊपर से नीचे फेंक दिया।
मृतक जसीम मंसूरी पंडरा थाना क्षेत्र के मुस्लिम मोहल्ले का रहने वाला था। वह दो फरवरी से घर से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुंदाग ओपी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद भी जसीम का कोई पता नहीं चल सका। बुधवार को परिजन खुद उसकी तलाश करते हुए लाजपत नगर पहुंचे। इसी दौरान एक निर्माणाधीन चार मंजिला अपार्टमेंट में ऊपरी मंजिल के पास जसीम का शव पड़ा मिला। शव की हालत देख साफ था कि हत्या बेहद बर्बरता से की गई है। सूचना मिलते ही सिटी एसपी पारस राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी शाहिद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस हत्याकांड में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं, और हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या मौके पर वारदात को अंजाम दिया गया।

