Breaking
Thu. Feb 5th, 2026

उलीडीह में हथियार से हमला मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, देशी कट्टा व कारतूस बरामद

जमशेदपुर। उलीडीह थाना क्षेत्र के लक्ष्मण नगर काली मंदिर के पास हुई मारपीट और हथियार से हमले की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का दोनाली देशी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस बरामदगी के बाद आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है।

गुरुवार को ग्रामीण एसपी ऋषिभ गर्ग ने बताया कि 2 फरवरी को लक्ष्मण नगर काली मंदिर के समीप आकाश गिरी और अनिश रजक ने एक व्यक्ति पर देशी कट्टा के बट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस संबंध में घायल व्यक्ति की लिखित शिकायत पर उलीडीह थाना में आकाश गिरी, अनिश रजक और राकेश गिरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। कांड के अनुसंधान के क्रम में गुरुवार को पुलिस ने आकाश गिरी और अनिश रजक को पूछताछ के लिए थाना बुलाया। पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए देशी कट्टा के बट से हमला करने की बात कबूल की।

इसके बाद पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर लक्ष्मण नगर काली मंदिर के पास स्थित एक स्टोर रूम में छापेमारी कर एक लोहे का दोनाली देशी कट्टा और कुल आठ जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस का कहना है कि यह हथियार अपराध में इस्तेमाल किया गया था और इसे क्षेत्र में भय व दबदबा बनाने के उद्देश्य से रखा गया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी आकाश गिरी और अनिश रजक कुख्यात अपराधी उमेश पाण्डेय उर्फ गुड्डु पाण्डेय के आपराधिक गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि बरामद हथियार उन्हें गुड्डु पाण्डेय द्वारा दिया गया था, जिसका उपयोग गिरोह द्वारा क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित करने और प्रतिद्वंद्वियों को डराने-धमकाने के लिए किया जाता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आकाश गिरी और अनिश रजक के खिलाफ पूर्व में भी मानगो थाना क्षेत्र में रंगदारी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।

इस पूरी कार्रवाई में पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में उलीडीह ओपी प्रभारी एसआई मो. शारीक अली, एसआई विवेक पाल, एसआई रविन्द्र पाण्डेय, एसआई विजय कुमार, एसआई अभिषेक कुमार, एसआई सामुएल मार्क किस्कु, एएसआई रघुनंदन मुंडा सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Post