Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

जुगसलाई चोरी कांड का खुलासा, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, एक करोड़ के जेवरात बरामद

जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत एमई स्कूल रोड स्थित सेवा सदन अस्पताल के समीप 1 फरवरी की रात हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हीरा, सोना, चांदी सहित अन्य महंगे जेवरात बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान जुगसलाई सेवा सदन अस्पताल के पास रहने वाले रितिक कुमार सिंह (23) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रितिक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। इस चोरी की जानकारी बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस को दी। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोर द्वारा घर में घुसकर आलमीरा तोड़ते हुए हीरा, सोना, चांदी और अन्य कीमती जेवरात की चोरी की गई थी। घटना के संबंध में 3 फरवरी को जुगसलाई थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

एसएसपी पियूष पांडेय के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में जुगसलाई थाना की पुलिस टीम द्वारा विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया और डॉग स्क्वायड की सहायता भी ली। तकनीकी और साक्ष्य आधारित जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किए गए सभी जेवरात बरामद कर लिए हैं। फिलहाल गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Post