Breaking
Thu. Jun 18th, 2026

मानगो नगर निगम चुनाव से पहले सरयू राय ने सभी जनसुविधा समितियां कीं भंग

जमशेदपुर। मानगो नगर निगम में चुनाव प्रक्रिया शुरू होने और पूरे क्षेत्र में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने के मद्देनजर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बड़ा निर्णय लिया है। उन्होंने मानगो नगर निगम क्षेत्र स्तर पर तथा मानगो के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गठित जनसुविधा एवं अन्य सभी समितियों को तत्काल प्रभाव से भंग करने की घोषणा की है।

इस संबंध में सोमवार जारी विज्ञप्ति में सरयू राय ने कहा कि चुनाव संपन्न होने के बाद बदली हुई परिस्थितियों के अनुसार नए सिरे से विधायक जनसुविधा प्रतिनिधियों और समितियों का पुनर्गठन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय पूरी तरह से चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और आदर्श आचार संहिता के पालन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

सरयू राय ने बताया कि नागरिकों को जनसुविधाएं उपलब्ध कराने में सहूलियत देने, नगर निकायों पर आवश्यक दबाव बनाने तथा जनहित से जुड़े कार्यों की निगरानी के उद्देश्य से पूर्व में जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र स्तर, मानगो नगर निगम स्तर और मानगो के थाना क्षेत्र स्तर पर जनसुविधा समितियों का गठन किया गया था। इन समितियों के माध्यम से जनसुविधा प्रतिनिधियों की नियुक्ति कर आम लोगों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रयास किए जा रहे थे।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद फिर से नई संरचना के तहत जनसुविधा समितियों का गठन किया जाएगा, ताकि क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान किया जा सके और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।

Related Post