Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

केंद्रीय बजट 2026-27 विकसित भारत की दिशा में मजबूत कदम: मधु कोड़ा और गीता कोड़ा

चाईबासा: केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने इसे “विकसित भारत” के निर्माण की मजबूत आधारशिला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाने, आत्मनिर्भरता को सशक्त करने और भारत को वैश्विक आर्थिक नेतृत्व की दिशा में आगे ले जाने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है।

मधु कोड़ा ने कहा कि बजट में देश के प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल खोलने का प्रस्ताव छात्राओं को शिक्षा के साथ रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह कदम महिला सशक्तिकरण को नई मजबूती देगा। उन्होंने इसे युवा शक्ति से प्रेरित बजट बताया और कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों, अनुसूचित जाति-जनजाति, महिलाओं, युवाओं और गरीब वर्ग तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने रांची में मानसिक स्वास्थ्य केंद्र निम्हांस-2 की स्थापना की घोषणा को झारखंड के लिए महत्वपूर्ण बताया। साथ ही कैंसर जैसी अन्य गंभीर बीमारियों की दवाओं को सस्ता किए जाने से आम जनता को बड़ी राहत मिलने की बात कही। मधु कोड़ा ने कहा कि यह बजट वर्तमान की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ भविष्य के सपनों को साकार करने वाला है और 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की ओर देश को मजबूती से आगे बढ़ाएगा।

वहीं पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने भी केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर, समावेशी और विकसित भारत की ऐतिहासिक बुनियाद रखने वाला है। उनके अनुसार यह बजट आर्थिक विकास को गति देगा और देश में निवेश, उद्योग, पर्यटन तथा रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करेगा।

गीता कोड़ा ने कहा कि जनता की उम्मीदों को पूरा करना इस बजट की सबसे बड़ी उपलब्धि है। इससे आम नागरिकों को अधिक सुविधाएं और बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास” इस बजट के केंद्र में है, जिससे विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचेगा।

उन्होंने रांची में मानसिक स्वास्थ्य केंद्र निम्हांस-2 की स्थापना को झारखंड के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि इससे राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। कुल मिलाकर दोनों नेताओं ने बजट को देश और राज्य के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

Related Post