पलामू : जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेहार गांव के कुसड़ी टोला में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की नृशंस हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस जघन्य वारदात को डायन बिसाही के संदेह में अंजाम दिया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान विजय भुईयां, उनकी पत्नी हेवंती देवी और उनके पुत्र छोटू भुईयां के रूप में हुई है। इस हमले में परिवार की 16 वर्षीय बेटी ममता कुमारी भी गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल अवस्था में ममता को पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पड़ोसी रविंद्र भुईयां और प्रमोद भुईयां को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि ओझा-गुनी और डायन बिसाही के शक में इस पूरे परिवार पर जानलेवा हमला किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास के नाम पर होने वाले अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

