जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह हवाई पट्टी के समीप एक अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की मौत के कारणों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है, हालांकि प्रथम दृष्टया हाथी के हमले में मौत की आशंका जताई जा रही है। शव के पास एक नीले रंग का बैग भी मिला है, जिसके आधार पर महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद थाना प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृत महिला कहां की रहने वाली थी और वह हवाई पट्टी के पास कैसे पहुंची।
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।

