Breaking
Tue. Mar 24th, 2026

घने कोहरे में भीषण सड़क हादसा, डॉक्टर दंपति की दर्दनाक मौत

वैशाली। जिले के सराय थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक डॉक्टर दंपति की मौत हो गई। घने कोहरे के बीच एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दंपति की मौके पर ही जान चली गई।पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार की सुबह लगभग 4:15 बजे मुजफ्फरपुर–पटना लेन पर सराय थाना क्षेत्र के पास हुआ। सराय थानेदार मणि भूषण कुमार ने बताया कि घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम थी। इसी दौरान अररिया से पटना जा रही कार के चालक को सड़क किनारे खड़ा कंटेनर दिखाई नहीं दिया और कार जोरदार तरीके से उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया।हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे दंपति को बाहर निकाला गया और हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान 50 वर्षीय डॉ. जितेंद्र प्रसाद और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से पटना के निवासी थे और अररिया से अपने घर लौट रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया, क्षतिग्रस्त कार को जब्त कराया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों ने कोहरे के मौसम में सड़क किनारे भारी वाहनों की बेपरवाह पार्किंग पर नाराजगी जताई है।

Related Post