Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

आदित्यपुर में एनडीपीएस मामले की फरार अभियुक्ता गिरफ्तार, कई गंभीर मामलों में पहले से नामजद

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिला स्थित आदित्यपुर थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक पुराने मामले में पुलिस ने फरार चल रही महिला अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। शनिवार को आदित्यपुर पुलिस ने कांड संख्या 303/2025 (दिनांक 05 अक्टूबर 2025) की वांछित अभियुक्ता डॉली परवीन (43) को दबोच कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पुलिस के मुताबिक डॉली परवीन एच रोड स्थित मुस्लिम बस्ती, आदित्यपुर की रहने वाली है और उसके पति का नाम कादिम खान है। इसी मामले में इससे पहले पुलिस 208 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पकड़े गए आरोपियों में शहबाज खान, मोहम्मद समीर उर्फ आयान जो छत्तीसगढ़ का निवासी है, तथा रफीकुल इस्लाम जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला है, शामिल हैं।

जांच के दौरान सामने आया कि डॉली परवीन का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा और गंभीर प्रकृति का है। उसके खिलाफ आदित्यपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के अलावा हत्या, हत्या के प्रयास, यौन अपराध, सरकारी काम में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस गिरफ्तारी के लिए आदित्यपुर सह थाना प्रभारी पुनि विनोद तिर्की के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक, सहायक अवर निरीक्षक, महिला पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे, जिन्होंने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए अभियुक्ता को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इलाके में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post