Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

पुराने विवाद में सोते युवक की पत्थर और चाकू से हत्या, आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार

चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ा जामदा ओपी क्षेत्र में आपसी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। बाईसाई गांव निवासी 25 वर्षीय रवि सांडिल उर्फ चंडी की शुक्रवार देर रात बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसे पहले पत्थर से कुचलकर बेहोश किया गया और फिर धारदार चाकू से वार कर मौत के घाट उतार दिया गया। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब रवि एक अधूरे भवन में अकेले सो रहा था।

शनिवार सुबह जब रवि रातभर घर नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में निकले। अधूरे निर्माणाधीन भवन में पहुंचने पर वह खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद परिवार वालों ने तत्काल बड़ा जामदा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुराना विवाद सामने आया। मृतक के पिता दुला सांडिल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गांव के ही बिंदु जोजो से रवि का पहले से झगड़ा चल रहा था और आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ा जामदा थाना क्षेत्र के प्लॉटसाई गांव निवासी 20 वर्षीय बिंदु जोजो को कुछ ही घंटों के भीतर पकड़ लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और खून लगा पत्थर भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को यह जानकारी मिल गई थी कि रवि उस रात अधूरे भवन में अकेला सो रहा है। इसी का फायदा उठाते हुए वह देर रात वहां पहुंचा और पहले पत्थर से सिर पर जोरदार वार किया। रवि के बेहोश होते ही उसने चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

मामले में बड़ा जामदा ओपी में कांड संख्या 05/2026 दिनांक 30 जनवरी 2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी बिंदु जोजो (पिता– जोसफ जोजो) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन, त्वरित छापेमारी और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी तक तेजी से पहुंचा गया। घटनास्थल से मिले भौतिक साक्ष्य, खून के निशान और आरोपी के बयान ने केस को मजबूत आधार दिया है।

पूरी कार्रवाई बड़ा जामदा ओपी प्रभारी बालेश्वर उरांव के नेतृत्व में की गई, जिनकी अगुवाई में पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों में हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और विवाद की पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि इस रंजिश की जड़ें कितनी पुरानी थीं और क्या इसमें किसी अन्य की भी भूमिका रही है।

Related Post