जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही पहले दिन से ही चुनावी सरगर्मी तेज हो गई। गुरुवार को जिले के तीनों नगर निकाय क्षेत्रों मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में बड़ी संख्या में संभावित प्रत्याशियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदे और अपनी दावेदारी का संकेत दिया।
मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल 6 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र लिया, जबकि वार्ड सदस्य पद के लिए 120 अभ्यर्थियों ने फॉर्म खरीदा। महापौर पद के लिए नामांकन प्रपत्र लेने वालों में कुमकुम श्रीवास्तव, साईस्ता परवीन, अनीता देवी, काकोली महतो, जेबा कादरी और रायमुनी सुंडी के नाम प्रमुख हैं। पहले ही दिन इन नामों के सामने आने से स्पष्ट है कि महापौर पद के लिए कड़ा और बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है।
जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 6 लोगों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा, जबकि वार्ड सदस्य के लिए 18 अभ्यर्थियों ने फॉर्म लिया। अध्यक्ष पद के संभावित दावेदारों में निलोफर हुसैन, डौली मलिक, अर्चना दूबे, मुस्सर्रत खातुन और बलबीर कौर शामिल हैं। यहां भी पहले दिन महिला उम्मीदवारों की मजबूत उपस्थिति ने चुनावी तस्वीर को रोचक बना दिया है।
इसी तरह चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए 3 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 22 अभ्यर्थियों ने नाम निर्देशन प्रपत्र खरीदा। अध्यक्ष पद के लिए फॉर्म लेने वालों में संध्या रानी सरदार, सुजाता मुर्मू और शीलावती टुडू के नाम सामने आए हैं, जिससे इस क्षेत्र में भी मुकाबले के संकेत मिलने लगे हैं।
पहले दिन ही बड़ी संख्या में फॉर्म की बिक्री से साफ है कि इस बार नगर निकाय चुनाव को लेकर जनता और संभावित प्रत्याशियों में खासा उत्साह है। नामांकन केंद्रों पर दिनभर गहमागहमी का माहौल रहा और समर्थकों की आवाजाही से चुनावी रंगत साफ नजर आई। नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और अधिक प्रत्याशियों के मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है, जिससे पूर्वी सिंहभूम में नगर निकाय चुनाव का माहौल और तेज होने वाला है।

