Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

अजीत पवार के असामयिक निधन से देश की राजनीति को अपूरणीय क्षति : डॉ. पवन पांडेय

जमशेदपुर। बुधवार को महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान दुर्घटना में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुखद समाचार से एनसीपी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं में गहरी बेचैनी और शोक का माहौल व्याप्त है। इसी क्रम में एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव (नगर निकाय) डॉ. पवन पांडेय ने एक भावुक बयान जारी कर गहरी संवेदना व्यक्त की है।

डॉ. पवन पांडेय ने कहा कि अजीत दादा पवार का राजनीतिक और प्रशासनिक योगदान न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में संगठन को मजबूत करने और पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने की दिशा में निरंतर कार्य किया, जो सदैव स्मरणीय रहेगा। उनकी कार्यशैली, दूरदर्शी सोच और निर्णायक नेतृत्व क्षमता की मिसाल पार्टी कार्यालय से लेकर आम जनता तक दी जाती रही है।

उन्होंने अपने बयान में कहा कि महाराष्ट्र में सिंचाई परियोजनाओं, बुनियादी ढांचे के विकास, कृषि सुधार, ग्रामीण उत्थान और शहरी प्रशासन से जुड़े अनेक ऐतिहासिक कार्यों में अजीत पवार की अहम भूमिका रही है। उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनहितकारी निर्णयों को महाराष्ट्र की जनता कभी नहीं भूल पाएगी। डॉ. पांडेय ने कहा कि यह दुखद घटना केवल एक राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गहरी पीड़ा देने वाली है।

डॉ. पवन पांडेय ने आगे कहा कि इस कठिन समय में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एकजुट है और शोक संतप्त परिवार तथा समर्थकों के साथ मजबूती से खड़ी है। पार्टी की ओर से ईश्वर से प्रार्थना की गई है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

Related Post