Breaking
Wed. Apr 1st, 2026

हथियार के बल पर लूटपाट करने वाला बदमाश गिरफ्तार, पिस्तौल व चाकू बरामद

जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-01 में हथियार का भय दिखाकर राहगीरों से रुपये ऐंठने वाले एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई 26 जनवरी की रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वरीय अधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से संभावित इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान रोड नंबर-14 से कपाली जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम आरीफ अंसारी (35 वर्ष) बताया। वह रहमत नगर नाला पार, फिरदौसिया मस्जिद के पास, थाना कपाली (चांडिल), जिला सरायकेला-खरसावां का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके कमर में खोसकर रखा गया एक पिस्तौल और एक धारदार चाकू बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार बरामद पिस्तौल लोहे की बनी है, जिस पर “MADE IN USA” अंकित है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के आजादनगर थाना क्षेत्र में राहगीरों को हथियार दिखाकर लूटपाट करने में संलिप्त होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

Related Post