Breaking
Thu. Mar 5th, 2026

मानगो नगर निगम चुनाव में जाति प्रमाण पत्र की समस्या को लेकर जदयू प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर। मानगो नगर निगम चुनाव को लेकर जाति प्रमाण पत्र से जुड़ी गंभीर परेशानियों के खिलाफ जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में जदयू का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मिला और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे कई योग्य उम्मीदवारों को जाति प्रमाण पत्र निर्गत होने में अनावश्यक विलंब और प्रक्रियागत जटिलताओं का सामना करना पड़ रहा है। इससे विशेष रूप से अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के संभावित प्रत्याशियों को भारी परेशानी हो रही है और उनका लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहा है।

जदयू नेताओं ने कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो अनेक पात्र अभ्यर्थी नामांकन से वंचित हो सकते हैं, जिससे चुनाव की निष्पक्षता और सामाजिक न्याय की भावना पर प्रश्नचिह्न खड़ा होगा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन हो और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएं।

इस मौके पर जदयू महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, महानगर सचिव विकास कुमार, मानगो थाना क्षेत्र अध्यक्ष लालू गौड, वरिष्ठ नेता प्रवीण सिंह, जिला प्रवक्ता आकाश शाह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे।

उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे, ताकि किसी भी योग्य उम्मीदवार के साथ अन्याय न हो और चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।

Related Post