सरायकेला।सरायकेला-खरसावां जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन स्थानीय बिरसा मुंडा स्टेडियम में किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में आमजन, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
समारोह के मुख्य अतिथि उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इससे पूर्व उपायुक्त नितीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने संयुक्त रूप से खुले वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। परेड में जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अनुशासित कदमताल के साथ भाग लिया, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
ध्वजारोहण के उपरांत अपने संबोधन में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत निरंतर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध राष्ट्र की ओर अग्रसर है। उन्होंने जिले में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि सुदूर और पिछड़े क्षेत्रों तक भी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। कृषि, समाज कल्याण और गरीब तथा वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। साथ ही कानून-व्यवस्था और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में भी जिले ने नए आयाम स्थापित किए हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग को मिल सके।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की गई रंग-बिरंगी झांकियां रहीं। इन झांकियों के माध्यम से सरकार की विकास योजनाओं, सामाजिक संदेशों और जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। समारोह का समापन राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों के साथ किया गया।

