जमशेदपुर। सुंदरनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सुंदरनगर थाना से करीब 500 मीटर की दूरी पर हाता मुख्य मार्ग पर हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पर खड़े एक हाइवा वाहन में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक चला रहे युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पीछे बैठे युवक को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं मृतक युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा होते देख हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों और आरोपी चालक का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर नाराजगी भी देखी गई।

