जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला खोखो एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित कोल्हान प्रमंडलीय खोखो चैंपियनशिप 2026 रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस प्रतियोगिता में खास तौर पर अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग में पोटका की टीमों का दबदबा देखने को मिला। चैंपियनशिप का उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर किया।
उद्घाटन अवसर पर सरयू राय ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खोखो न केवल शारीरिक फिटनेस बढ़ाता है, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और त्वरित निर्णय क्षमता भी विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को सुरक्षित खेल और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया तथा आयोजन समिति एवं विभिन्न जिलों से आई टीमों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पूर्वी सिंहभूम जिला खोखो एसोसिएशन द्वारा जिले में लगातार आयोजित की जा रही प्रतियोगिताओं और खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए भविष्य के आयोजनों के लिए भी समर्थन का भरोसा दिया।
चैंपियनशिप में कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों से चयनित कुल 24 टीमों ने भाग लिया। सभी मुकाबले नॉकआउट पद्धति पर खेले गए। प्रतियोगिता दो आयु वर्गों—अंडर-14 बालक/बालिका और अंडर-18 बालक/बालिका—में आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने दमखम और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
परिणामों की बात करें तो अंडर-14 बालक वर्ग में पोटका की टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि डीके स्पोर्ट्स उपविजेता रहा। अंडर-14 बालिका वर्ग में श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, बागबेड़ा ब्रांच की टीम विजेता बनी और पोटका की टीम को उपविजेता संतोष करना पड़ा। अंडर-18 बालक वर्ग में संत जीडीएस अकादमी ने जीत दर्ज की, जबकि श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, बिष्टुपुर की टीम उपविजेता रही। वहीं अंडर-18 बालिका वर्ग में भी संत जीडीएस अकादमी ने खिताब जीता और होली क्रॉस स्कूल की टीम दूसरे स्थान पर रही।
समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में केबीके समाजसेवी संगठन के अध्यक्ष श्रवण कुमार, रांची के प्रख्यात समाजसेवी ऐरोन और समाजसेवी नरेश लाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। जिला खोखो एसोसिएशन के सचिव विक्टर विजय समद ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन एम. अरशद और डोबो चाकिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संयुक्त सचिव दयाल सिंह मेहरा ने प्रस्तुत किया।
इस चैंपियनशिप को सफल बनाने में तकनीकी विशेषज्ञों और आयोजक टीम की अहम भूमिका रही। उषा बाखला, अजय महंती, डब्ल्यू. रहमान, एम. अरशद, दयाल सिंह मेहरा, अरबाज खान, सोनू कुमार, मोहन श्रीवास्तव, वीरेंद्र कुमार मिश्रा, के. गोपाल राव, स्वामी सर, राजू राव सहित अन्य सहयोगियों के योगदान से आयोजन सुचारू और सफल रहा।

