Breaking
Sat. Feb 7th, 2026

राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ व कर्मी सम्मानित

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला में रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन कार्यालय के तत्वावधान में रविन्द्र भवन, साकची में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने लोकतंत्र को सशक्त बनाने में मतदाताओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निर्वाचन एक सतत प्रक्रिया है और इसकी सफलता दो प्रमुख बातों पर निर्भर करती है। पहली, चुनाव की घोषणा के साथ प्रशासनिक एवं पुलिस महकमे की सामूहिक जिम्मेदारी कि चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराया जाए, और दूसरी तथा सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निचले स्तर पर कार्यरत बीएलओ की होती है, जो वर्ष भर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए विपरीत परिस्थितियों में भी सतत प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि बीएलओ का योगदान अत्यंत सराहनीय है और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती में उनकी भूमिका अहम है।

कार्यक्रम के दौरान घाटशिला उपचुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में योगदान देने वाले सभी कोषांगों के पदाधिकारियों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों, पुलिस बल, बीएलओ, पर्यवेक्षकों, पीडब्ल्यूडी आइकॉन तथा वरिष्ठ मतदाताओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही नए मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र प्रदान कर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ा गया। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ भी दिलाई और गुब्बारे उड़ाकर तथा साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर मतदान के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाकर लोकतंत्र को मजबूत बनाए।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, बीएलओ तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से मतदाता जागरूकता का व्यापक संदेश दिया गया और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति लोगों को प्रेरित किया गया।

Related Post