Breaking
Sat. Feb 7th, 2026

गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, 26 जनवरी को बड़े वाहनों की नो-एंट्री

जमशेदपुर। गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह को लेकर प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया है। 26 जनवरी को गोपाल मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम के मद्देनज़र सुरक्षा, सुगम यातायात और आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार 26 जनवरी की सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक जमशेदपुर शहर में भारी वाहनों (ट्रक, हाइवा, डंपर आदि) के प्रवेश पर रोक रहेगी। हालांकि यह प्रतिबंध बसों पर लागू नहीं होगा, ताकि यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो। निर्धारित समयावधि के दौरान किसी भी भारी वाहन को शहर की सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इस संबंध में शनिवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय एवं ट्रैफिक डीएसपी द्वारा संयुक्त रूप से दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने बताया कि समारोह स्थल और आसपास के क्षेत्रों में यातायात दबाव को नियंत्रित करने, वीआईपी मूवमेंट, परेड और दर्शकों की आवाजाही को सुचारू रखने के लिए यह व्यवस्था की गई है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं—जैसे एंबुलेंस, दमकल और आवश्यक सेवा वाहनों—को इस प्रतिबंध से मुक्त रखा जाएगा। साथ ही, शहर के प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग सुनिश्चित कराया जाएगा।

जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और किसी भी असुविधा से बचने के लिए समय से पहले अपनी यात्रा की योजना बनाएं। किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है।

Related Post