जामताड़ा :* जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ईदगाह मोड़ पर बुधवार देर शाम एक युवक को गोली लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक की पहचान शमसुद्दीन अंसारी के बेटे इरशाद अंसारी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईदगाह मोड़ पर एक जेसीबी मशीन संचालक और वाहन से आए एक अन्य व्यक्ति के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी देने लगे। बताया जा रहा है कि रात में दोनों पक्षों के बीच दोबारा कहासुनी हुई, जिसके बाद अचानक गोली चल गई। इस दौरान मौके पर मौजूद इरशाद अंसारी को गोली लग गई, जबकि उसका इस विवाद से कोई सीधा संबंध नहीं था।
गोली लगते ही परिजन और स्थानीय लोग उसे आनन-फानन में मधुपुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे धनबाद रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।

