कोडरमा ।।मरकच्चो थाना अंतर्गत राजारायडीह गांव से बीते 24 घंटे से लापता बच्चे का शव मंगलवार को उसके ही घर के बगल से बरामद हुआ। मृतक अभिनंदन कुमार (13, पिता प्रकाश राणा) सोमवार की सुबह करीब 7 बजे शौच के लिए अपने घर से निकला था और फिर वापस घर नहीं आया। काफी समय बीत जाने के बाद जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। वे मरकच्चो थाना पहुंचे और अपने बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट वहां दर्ज कराई। देर शाम तक जब बच्चे का कुछ पता नहीं चला तो पुलिस व परिजनों द्वारा बच्चों की तस्वीर, मोबाइल नंबर के साथ सभी व्हाट्सएप ग्रुप में शेयर कर दिए गए। पुलिस और परिजन बच्चे की खोज भी में जुटे हुए ही थे कि मंगलवार की सुबह राजारायडीह गांव के बगल कुछ ग्रामीण गए हुए थे, इसी दौरान वहां उन्हें एक बच्चे का शव दिखाई पड़ा। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना गांव वालों को दी। सूचना पाकर लापता बच्चे के परिजन पहुंचे। बच्चे के शव को देखते ही शिनाख्त कर लिया कि ये उनका ही 13 वर्षीय पुत्र अभिनंदन कुमार था। इसी बीच घटना की सूचना मरकच्चो पुलिस को भी दी गई। मरकच्चो थाना प्रभारी नंदकिशोर तिवारी अपने दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। अभिनंदन अपने माता-पिता का कनिष्ठ पुत्र था और वह कक्षा आठवीं का छात्र था। सड़क जाम की सूचना मिलने पर सीओ परमेश्वर कुशवाहा, बीडीओ हुलास महतो, इंस्पेक्टर अरविन्द कुमार, नवलशाही थाना प्रभारी सुमन कुमार, डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार, चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार समेत कई पुलिस पदाधिकारी जाम स्थल पर पंहुचे तथा ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम हटाने का प्रयास किया। एसडीपीओ अनिल कुमार जामस्थल पर पंहुचे तथा ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि एसआईटी का गठन कर जल्द ही इस मामले का उद्भेदन कर लिया जायेगा। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटाया। छात्र की मौत की खबर मिलने के बाद उसके विद्यालय राजकीय मध्य बिचरिया नईटांड में शोक सभा का आयोजन किया गया। विद्यालय के शिक्षकों व छात्र छात्राओं ने एक मिनट का मौन रख कर मृतक छात्र की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की।

