जमशेदपुर। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के महानगर सचिव विकास कुमार ने ठेकेदार लड्डू मंगोटिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए निर्माणाधीन सड़क कार्य में भारी लापरवाही और अनियमितता का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि बारीगोड़ा से रहरगोड़ा होते हुए आगे तक बनने वाली सड़क का निर्माण कार्य ठेकेदार द्वारा पिछले कई दिनों से पूरी तरह से बंद कर दिया गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विकास कुमार ने बताया कि सड़क अधूरी अवस्था में छोड़ दिए जाने के कारण जगह-जगह गड्ढे, बिखरे हुए पत्थर और मिट्टी जमा हो गई है। इससे आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। विशेष रूप से रात के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब अंधेरे में सड़क की खराब हालत दिखाई नहीं देती। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने में ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित ठेकेदार को कई बार मौखिक और लिखित रूप से सड़क निर्माण कार्य पुनः शुरू करने के लिए सूचित किया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके साथ ही सड़क निर्माण में गुणवत्ता को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। बेस और सब-बेस के उचित अनुपात का पालन नहीं किया गया और केवल ऊपर से लिपापोती कर काम को औपचारिक रूप से दिखाने की कोशिश की गई, जो भविष्य में और बड़ी दुर्घटनाओं को न्योता दे सकता है।
महानगर सचिव ने यह भी कहा कि सड़क निर्माण के दौरान जल निकासी की व्यवस्था पर बिल्कुल ध्यान नहीं दिया गया है। नालियों का निर्माण न होने से बारिश के समय सड़क पर पानी जमा हो जाता है, जिससे सड़क और भी अधिक क्षतिग्रस्त हो रही है और लोगों की परेशानी बढ़ रही है।
विकास कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले दस दिनों के भीतर बंद पड़े सड़क निर्माण कार्य को प्रभावी रूप से पुनः शुरू नहीं किया गया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो जदयू कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर संबंधित विभाग और कार्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित मापदंडों के अनुसार शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

