Breaking
Sat. Feb 7th, 2026

सोनारी पुलिस की कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। सोनारी पुलिस ने छापेमारी कर ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसे सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

सोनारी थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान श्याम ठाकुर (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सोनारी थाना क्षेत्र के परदेशी पाड़ा सिनेमा मैदान के पीछे स्थित कमलेश निषाद के घर में किरायेदार के रूप में रह रहा था।

इस संबंध में सोनारी थाना प्रभारी मधुसूदन दे ने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक (हेडक्वार्टर टू) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम को सूचना मिली थी कि सोनारी कपाली बस्ती क्षेत्र में ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान एक युवक को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 11 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसका कुल वजन लगभग 2 ग्राम बताया गया है। बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया और आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के बाद उसे सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों पर भी आगे कार्रवाई की जाएगी।

Related Post