जमशेदपुर।जनता दल (यूनाइटेड) की मानगो नगर निगम चुनाव समिति की अहम बैठक सन सिटी, एनएच-33, मानगो में आयोजित की गई। बैठक में यह तय किया गया कि जनता दल (यूनाइटेड) मानगो नगर निगम के सभी 36 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारेगी। इसके साथ ही मेयर पद पर भी पार्टी अपना प्रत्याशी उतारेगी।
बैठक में मानगो नगर निगम क्षेत्र में चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और संभावित प्रत्याशियों को लेकर गहन चर्चा की गई।
पार्टी नेताओं ने बताया कि विभिन्न वार्डों से प्रत्याशिता के लिए आवेदन भी पार्टी को प्राप्त हो चुके हैं, जिनकी जांच-पड़ताल कर योग्य और जनसमर्थन वाले उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष अजय कुमार ने की। जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में चुनाव समिति के तीनों सदस्य एवं मानगो के तीनों क्षेत्र अध्यक्ष: लालू गौड़, मुश्ताक अहमद और प्रवीण सिंह मौजूद रहे।

