Breaking
Tue. Apr 7th, 2026

अशोक और प्रमिला गोयल ने ताइक्वांडो खिलाड़ियों को किया सम्मानित

जमशेदपुर। स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के बारीडीह स्थित कार्यालय में सोमवार को ताइक्वांडो खिलाड़ियों के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के ट्रस्टी अशोक गोयल और उनकी धर्मपत्नी प्रमिला गोयल ने ताइक्वांडो में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान अशोक गोयल ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ताइक्वांडो जैसे आत्मरक्षा से जुड़े खेल न केवल शारीरिक मजबूती देते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक संतुलन भी विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी निरंतर अभ्यास करते हुए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। प्रमिला गोयल ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अभिभावकों और संस्थाओं का सहयोग मिलने से ही प्रतिभाएं आगे बढ़ती हैं।

सम्मानित किए गए खिलाड़ियों में आशिया कुमारी, रिद्धि चटर्जी, रश्मि गोप, ऋषिका वर्मा, पृथ्वीराज और अमित गोप शामिल रहे। इन खिलाड़ियों ने दिसंबर माह की 24 और 25 तारीख को आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल किए थे।

कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की उपलब्धियों को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना रहा। आयोजन को सफल बनाने में अशोक कुमार, गोपाल जी, जगबंधु महतो, निशा सिंह सहित अन्य सहयोगियों की अहम भूमिका रही। समारोह के अंत में सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई और खेलों के प्रति निरंतर सहयोग का भरोसा दिलाया गया।

Related Post