Breaking
Sat. Feb 7th, 2026

गांव में बिजली गुल करके लाखों के जेवर और नकदी की चोरी

कोडरमा ।। जयनगर थाना अंतर्गत करियांवां गांव में बीती रात चोरों ने गांव की बिजली गुल करके तीन घरों को अपना निशाना बनाते हुए लाखों के जेवर और नकदी की चोरी कर ली। बताया गया कि बीती रात जिस गांव में चोरी हुई है, चोरों ने वहां पहले घर जाने वाले 440 वाल्ट वाले तार को आपस में शॉर्ट सर्किट कर दिया गया, जिससे गांव भर की लाइट चली गई। इसके पश्चात अंधेरे का फायदा उठाते हुए चोर अलग तीन घरों में प्रवेश कर गए और चोरी की घटना को बड़े सटीक तरीके से अंजाम दे दिया। जानकारी के अनुसार करियांवां गांव निवासी जिन तीन घरों में चोरी हुई है, उसमें छोटू मियां, इलियास और कल्लू मियां का घर शामिल है। वहीं छोटू मियां की पत्नी ने बताया कि उनके पति गोवा में काम करते हैं। वे अपनी पुत्री के साथ घर पर अकेली थीं और घर के दूसरे तल्ले पर सो रही रहीं। रात के करीब 1 बजे उन्हें कुछ टूटने की आवाज सुनाई दी। जिसके पश्चात वे छत से नीचे आईं, उन्होंने देखा कि नीचे के एक कमरे के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा खुला हुआ था। जिसपर उन्हें चोरी का संदेह हुआ। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिसपर आस पास के लोग जमा हो गए। इधर अंधेरे का फायदा उठाकर चोर वहां से फरार हो गए। इधर कल्लू मियां ने बताया कि वह रात को करीब 11 बजे अपने खेतों में गेहूं की फसल में पटवन करने हेतु गए हुए थे। वहीं उनका पूरा परिवार घर पर सोया हुआ था। रात को 12 बजे अचानक से लाइट चली गई, इसके पश्चात एक कमरे में जिसमें नगदी व जेवरात रखे हुए थे, चोर उस कमरे का ताला काट कर अंदर प्रवेश कर गए और बड़े ही इत्मीनान से चोरों ने बक्से व अलमीरा में रखे गहने को निशाना बनाया और वहां से सब समान लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि उनके घर से कपड़ो से भरा दो बक्सा, नए बर्तन और 10 हजार रुपए नगद चोरी हुए हैं। दूसरी घटना इसी गांव के छोटू मियां के घर में हुई है। वहीं बीती रात चोरों द्वारा इलियास मियां के घर को भी निशाना बनाया गया है। चोरों द्वारा उनके बहू के कमरे से 1 लाख के जेवरात और नगदी चोरी कर लिया गया है।

Related Post