कुडू – लोहरदगा : कुडू थाना क्षेत्र में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध पत्थर खनन कारोबार पर खनन विभाग ने सख़्त कार्रवाई करते हुए एक गिट्टी लदा हाइवा जब्त किया है। कार्रवाई से अवैध खनन माफिया में हड़कंप मच गया है। खनन विभाग की टीम ने अवैध रूप से खनन कर गिट्टी परिवहन कर रहे हाइवा निबंधन संख्या जेएच – 19ए – 5269 को एनएच-75 बरवाटोली स्थित मित्रा पेट्रोल पंप के समीप पकड़ा। वाहन को रोकने के दौरान चालक ने तेज़ रफ्तार में भागने का प्रयास किया, लेकिन खनन विभाग की टीम ने ओवरटेक कर उसे दबोच लिया। जिला खनन पदाधिकारी राजराम प्रसाद ने बताया कि अवैध खनन की सूचना पर छापेमारी की गई थी। पकड़े गए वाहन से संबंधित चालान, परिवहन परमिट व खनन से जुड़े कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद हाइवा को जब्त कर कुडू थाना में खड़ा कराया गया। खनन नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए विभाग द्वारा झारखंड खनिज नियमावली के तहत वाहन मालिक पर 1.78 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। राजराम प्रसाद ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा, और किसी भी स्तर पर लापरवाही या संरक्षण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध खनन पर खनन विभाग का करारा प्रहार, गिट्टी लदा हाइवा जब्त।भागने की कोशिश नाकाम, 1.78 लाख रुपये का जुर्माना ठोका।

