Breaking
Fri. Feb 6th, 2026

पिस्का मोड़ गोलीकांड: जमीन विवाद में चली ताबड़तोड़ गोलियां, छह आरोपी गिरफ्तार

रांची:* पंडरा ओपी क्षेत्र के पिस्का मोड़ के पास शनिवार की रात जमीन और वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। इस गैंगवार में दोनों पक्षों के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी संजय पांडेय सहित छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में संजय पांडेय, आशु कुमार, जुबैर खान, संतोष कुमार, पप्पू साव और रोहित पांडे शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि विवाद की जड़ कांके रिंग रोड के सुकरहुटू मनातु स्थित तीन एकड़ विवादित जमीन है। घटना वाले दिन (17 जनवरी) दोपहर में भी आकाश सिंह और विकास सिंह गुट का संजय पांडेय और रवि यादव गुट के साथ झगड़ा हुआ था।

उसी विवाद को सुलझाने के लिए रात करीब सात बजे पिस्का मोड़ स्थित राजधानी मान्या टावर के पास एक मीटिंग बुलाई गई। दोनों गुटों के 10–15 लोग तीन–तीन गाड़ियों से मौके पर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान तनाव बढ़ा और देखते ही देखते संजय पांडेय और रवि यादव गुट ने फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में आकाश सिंह के दाहिने हाथ, विकास सिंह के सीने और बांह, जबकि रवि यादव के चेहरे और हाथ में गोली लगी। फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना में शामिल फरार अपराधियों की तलाश तेज कर दी है।

Related Post