Breaking
Tue. Apr 7th, 2026

राउरकेला स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 25 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

जमशेदपुर। चक्रधरपुर मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन नारकोस के तहत शनिवार को आरपीएफ की उड़नदस्ता टीम ने राउरकेला रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर 25 किलो अवैध गांजा बरामद किया और इस मामले में चार गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान सुनील कुमार, मुन्ना पटेल, धर्मेंद्र पटेल और अजय मांझी के रूप में हुई है। इनमें सुनील कुमार, मुन्ना पटेल और धर्मेंद्र पटेल बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया थाना क्षेत्र अंतर्गत झावटीया गांव के निवासी हैं, जबकि अजय मांझी गोपालगंज जिले के असंदीमहुआ गांव का रहने वाला बताया गया है।

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार चारों आरोपी ओडिशा के बलांगीर रेलवे स्टेशन से गांजा लेकर ट्रेन के माध्यम से बिहार के बेतिया जाने की फिराक में थे। तस्करी की गुप्त सूचना के आधार पर राउरकेला रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की उड़नदस्ता टीम ने निगरानी बढ़ाई और संदिग्धों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से 25 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए राउरकेला एक्साइज विभाग के हवाले कर दिया गया है। आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि रेलवे परिसर और ट्रेनों के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Post