गम्हरिया। सरायकेला-खरसावां जिले की टायो कॉलोनी स्थित फ्लॉलेस लेडीज़ ग्रुप की ओर से जमशेदपुर के डोबो रिसोर्ट में एक भव्य पिकनिक का आयोजन किया गया। इस आयोजन में समूह की करीब पचास से अधिक सदस्य शामिल हुईं, जिन्होंने दिनभर साथ रहकर मनोरंजन और मेलजोल का भरपूर आनंद लिया।
पिकनिक के दौरान नृत्य, संगीत और विभिन्न प्रकार के मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लिया। महिलाओं के साथ उनके परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे, जिससे माहौल और भी खुशनुमा बन गया। हंसी-मजाक, गीत-संगीत और आपसी संवाद से पूरा रिसोर्ट जीवंत नजर आया।
ग्रुप की सदस्यों ने बताया कि ऐसे आयोजन आपसी रिश्तों को मजबूत करने के साथ-साथ रोजमर्रा की व्यस्तताओं से कुछ समय निकालकर सुकून के पल बिताने का अवसर प्रदान करते हैं। पिकनिक के समापन पर सभी ने इस आयोजन को सफल और यादगार बताया तथा भविष्य में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई।

