Breaking
Fri. Feb 6th, 2026

ब्रह्मर्षि विकास मंच जमशेदपुर की आम सभा में नई कार्यकारिणी का गठन, रामनारायण शर्मा बने अध्यक्ष, मुकेश शर्मा महासचिव

रविवार को ब्रह्मर्षि विकास मंच जमशेदपुर की आम सभा का आयोजन टेल्को थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर स्थित दीनदयाल उपाध्याय भवन में सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस अवसर पर मंच की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से रामनारायण शर्मा को अध्यक्ष एवं मुकेश शर्मा को महासचिव निर्वाचित किया।

आम सभा में समाज के वरिष्ठ जनों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में ब्रह्मर्षि समाज के सदस्यों की उपस्थिति रही। बैठक के दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति, समाज से जुड़े मुद्दों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। नई कार्यकारिणी के गठन पर उपस्थित सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया और नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामनारायण शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ब्रह्मर्षि समाज के विकास से जुड़े जो भी कार्य अब तक अधूरे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा शिक्षा, सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि समाज से किसी कारणवश भटके हुए लोगों को फिर से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ब्रह्मर्षि समाज एकजुट होकर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सके। मंच का उद्देश्य केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक चेतना, युवाओं को दिशा देने और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए भी ठोस पहल की जाएगी।

महासचिव मुकेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि संगठनात्मक ढांचे को सशक्त बनाने के साथ-साथ नियमित बैठकों, सामाजिक कार्यक्रमों और जनहित के कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने सभी सदस्यों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही समाज को नई पहचान और मजबूती मिल सकती है।

आम सभा के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने संगठन को मजबूत करने, आपसी एकता बनाए रखने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Related Post