ररांची: रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की मुस्तैदी से हटिया रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की अवैध तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर चलाए गए ऑपरेशन “नार्कोस” में 16 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है।दिनांक 15 जनवरी 2026 को आरपीएफ पोस्ट हटिया और फ्लाइंग टीम रांची ने हटिया स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया। ट्रेन संख्या 18452 एक्सप्रेस (पुरी-हटिया) के पहुंचने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पार्सल कार्यालय के पास दो संदिग्ध युवक पिट्ठू बैग के साथ भयभीत अवस्था में बैठे मिले। पूछताछ पर उन्होंने अपना नाम मंटू मलिक उर्फ मनोरंजन मलिक (18 वर्ष, संबलपुर, ओडिशा) और आलोक डिगल (17 वर्ष, कंधमाल, ओडिशा) बताया तथा बैग में गांजा होने की स्वीकारोक्ति दी। सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार सिंह के निर्देश पर कानूनी प्रक्रिया के तहत तलाशी ली गई, जिसमें प्रत्येक के बैग से 8-8 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। परीक्षण किट से पदार्थ की पुष्टि हुई और गांजा सहित दो मोबाइल फोन व एक ई-टिकट जब्त कर सील किया गया। आरोपियों और बरामद सामग्री को जीआरपीएस हटिया को सौंप दिया गया, जहां एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है। इस कार्रवाई में निरीक्षक रूपेश कुमार, उपनिरीक्षक दीपक कुमार, सूरज राजवंशी, स्टाफ रजत, बसंत सोय और हेमंत की अहम भूमिका रही।

