Breaking
Wed. Mar 4th, 2026

अर्जुन मुंडा ने 75वें स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट का किया उद्घाटन

जमशेदपुर: प्रतिष्ठित स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट के 75वें संस्करण का शुभारंभ शुक्रवार को गोलमुरी गोल्फ कोर्स में भव्य रूप से हुआ। पूर्व केंद्रीय मंत्री, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रसिद्ध गोल्फ प्रेमी अर्जुन मुंडा ने टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने अपने शानदार शॉट्स से उपस्थित गोल्फरों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

अर्जुन मुंडा ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट की लंबी परंपरा और उत्कृष्ट आयोजन क्षमता इसे देश के प्रमुख खेल आयोजनों में शामिल करती है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना बनाए रखने का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर जमशेदपुर गोल्फ के सचिव एवं टाटा स्टील लिमिटेड के चीफ–सेफ्टी नीरज कुमार सिन्हा, जकैपसीपएल के मैनेजिंग डायरेक्टर अभिजीत अविनाश ननोती, वरुण बजाज, टाटा स्टील के चीफ–कॉर्पोरेट सर्विसेज बी. चंद्रशेखर तथा डीबीएमएस और एक्सएलआरआई एलुमनी कमेटी के चेयरपर्सन एवं ग्लोबल प्रेसिडेंट रणवीर सिन्हा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

टूर्नामेंट का आयोजन सुंदर 18-होल बेल्डीह और गोलमुरी गोल्फ कोर्स में किया जा रहा है। इसमें पटना, भुवनेश्वर, पारादीप, रांची, दिल्ली और जमशेदपुर समेत देश के विभिन्न शहरों से 250 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। स्थानीय गोल्फ खिलाड़ियों की मजबूत भागीदारी से प्रतियोगिता और भी रोमांचक बन गई है।

टूर्नामेंट का समापन समारोह रविवार को आयोजित होगा, जिसमें टाटा स्टील के सीईओ एवं मैनेजिंग डायरेक्टर टी. वी. नरेंद्रन विजेताओं को सम्मानित करेंगे। दशकों से स्टील सिटी गोल्फ टूर्नामेंट उत्कृष्ट प्रतिस्पर्धा, बेहतर आयोजन और आत्मीय आतिथ्य के लिए जाना जाता रहा है और यह क्षेत्र की सबसे प्रतिष्ठित खेल प्रतियोगिताओं में गिना जाता है।

Related Post