कांड्रा। सरायकेला खरसावां जिला स्थित कांड्रा थाना क्षेत्र के चाडरी मोड़ से पहले बुधवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सरायकेला की ओर से आ रही एक बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार बाइक संख्या JH 05EB 2808 सरायकेला की दिशा से आ रही थी। इसी दौरान चाडरी मोड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक संख्या JH 06R-9122 से बाइक पीछे से टकरा गई। बताया जा रहा है कि ट्रक का टायर बदला जा रहा था और वह सड़क पर खड़ा था, लेकिन वहां पर्याप्त संकेतक या चेतावनी चिन्ह नहीं लगाए गए थे।
अंधेरा होने और संकेतक के अभाव में बाइक सवार को खड़े ट्रक का समय पर अंदाजा नहीं हो सका, जिससे तेज टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर बैठा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के आदरडीह गांव निवासी करणों कुम्भकार के रूप में हुई है। बताया गया है कि करणों वर्तमान में बीरबांस में रहकर रामकृष्णा फोर्जिंग में कार्यरत था। घटना की सूचना मिलने के बाद कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।

