Breaking
Thu. Feb 5th, 2026

बोकारो में टली करोड़ों की ज्वेलरी लूट, अलार्म बजते ही फरार हुए नकली पुलिस बने सात अपराधी

बोकारो: बोकारो स्टील सिटी के सिटी सेंटर मार्केट स्थित एक नामी ज्वेलरी शोरूम में रविवार को दिनदहाड़े करोड़ों की लूट की बड़ी साजिश नाकाम हो गई। पुलिस की वर्दी पहनकर और हथियारों से लैस होकर पहुंचे सात अपराधी शोरूम को कुछ ही मिनटों के लिए अपने कब्जे में लेने में सफल तो हुए, लेकिन सतर्क कर्मचारियों की सूझबूझ और समय पर बजाए गए अलार्म के कारण वे बिना लूटपाट किए मौके से फरार हो गए।

घटना रविवार दोपहर करीब चार बजे की है, जब दो अपराधी पुलिस की वर्दी में खुद को एसटीएफ का अधिकारी बताते हुए शोरूम में दाखिल हुए। काउंटर पर पहुंचकर उन्होंने सुरक्षा जांच के नाम पर कर्मचारियों से बातचीत शुरू की। इसी दौरान शोरूम के गेट से हुडी जैकेट और चेहरे पर मास्क लगाए हुए दो अन्य लोग अंदर घुसने लगे, जिसका कर्मचारियों ने विरोध किया। हालात अचानक बिगड़ गए और शोरूम में हाथापाई शुरू हो गई।

सिटी डीएसपी आलोक रंजन के अनुसार, काउंटर पर मौजूद कर्मचारी को नकली पुलिसकर्मियों पर शक हो गया था। उसने उनसे उनके वरिष्ठ अधिकारी से बात कराने को कहा और इशारे से एक अन्य कर्मचारी को बाहर भेजा। इसी बीच हुडी पहने अपराधियों ने गार्ड को पिस्टल दिखाकर उसकी राइफल छीन ली और पिस्टल की नोक पर कुछ देर के लिए शोरूम को अपने कब्जे में ले लिया। तभी किसी कर्मचारी ने अलार्म बजा दिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

अलार्म की आवाज सुनते ही सभी अपराधी घबरा गए और मौके से भाग निकले। जाते-जाते वे गार्ड की राइफल भी फेंक गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post