Breaking
Sun. Sep 20th, 2026

आजादनगर छिनतई कांड का पुलिस ने किया खुलासा, नाबालिग समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर। आजादनगर थाना क्षेत्र में 6 जनवरी को हुई छिनतई की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले का खुलासा सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेसवार्ता के दौरान किया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय छिनतई गिरोह पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में ओल्ड पुरूलिया रोड निवासी इमरान आलम (18), मुस्तफा खेती रोड नंबर-7 निवासी मो. वकील उर्फ शाहरूख (18) तथा एक नाबालिग शामिल है। तीनों की गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में छीना गया पर्स और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पीड़िता सबा परवीन ने पुलिस को बताया था कि पर्स में 10 हजार रुपये नकद थे, जिसे आरोपियों ने आपस में बांट लिया था।

इस पूरे मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी दल में आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार के साथ एसआई मनीष कुमार राय, मनोज कुमार सिंह, साबिर हुसैन, ईश्वर दयाल मुंडा, दीपक कुमार रौशन और एएसआई राकेश रंजन सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post