Breaking
Wed. Mar 18th, 2026

जमशेदपुर: वायरल वीडियो को लेकर दुर्गा पूजा कमिटी का खंडन, MGM थाना प्रभारी की छवि धूमिल करने की साजिश का आरोप

जमशेदपुर: सोशल मीडिया पर इन दिनों MGM थाना प्रभारी सचिन कुमार दास से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में थाना प्रभारी को एक महिला कलाकार को राशि देते हुए दिखाया गया है, जिसे लेकर कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक और आपत्तिजनक दावे किए जा रहे हैं। वीडियो को गलत संदर्भ में प्रस्तुत कर पुलिस अधिकारी और दुर्गा पूजा कमिटी की छवि खराब करने का आरोप लगाया गया है।

इस पूरे मामले पर श्री श्री सरबोजनिक दुर्गा पूजा कमिटी, हिल व्यू कॉलोनी ने आधिकारिक रूप से खंडन जारी किया है। कमिटी के अध्यक्ष श्याम सिंह ने स्पष्ट कहा कि वायरल वीडियो को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है और इसके पीछे एक सुनियोजित साजिश है।

नवरात्रि अष्टमी के सांस्कृतिक कार्यक्रम का है वीडियो

दुर्गा पूजा कमिटी के अनुसार, यह वीडियो हिल व्यू कॉलोनी स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में नवरात्रि अष्टमी के दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का है। कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रस्तुति दे रही महिला कलाकार निशा उपाध्याय को MGM थाना प्रभारी सचिन कुमार दास ने पारंपरिक रूप से प्रोत्साहन एवं सम्मान स्वरूप राशि भेंट की थी। यह एक सामान्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा था, न कि कोई अवैध या आपत्तिजनक लेन-देन।

दुर्गा पूजा कमिटी अध्यक्ष श्याम सिंह का बयान

कमिटी के अध्यक्ष श्याम सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा वीडियो पूरी तरह भ्रामक है। उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शामिल हुए थे और कलाकारों को सम्मानित करना आयोजन की परंपरा का हिस्सा है। कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर वीडियो को गलत एंगल से पेश कर एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी और दुर्गा पूजा कमिटी की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की अफवाहें समाज में भ्रम फैलाने के साथ-साथ कानून व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों के मनोबल को भी ठेस पहुंचाती हैं। कमिटी ऐसे लोगों को किसी भी हाल में बख्शने के मूड में नहीं है।

कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

कमिटी ने चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इस वीडियो को गलत तरीके से प्रचारित कर रहा है, उसके खिलाफ थाना, सिटी एसपी, एसएसपी, ग्रामीण एसपी और सीएमओ कार्यालय में लिखित शिकायत देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

महासचिव राहुल सिंह का बयान

कमिटी के महासचिव राहुल सिंह ने कहा कि कलाकार को दी गई राशि सामाजिक एवं सांस्कृतिक सम्मान का प्रतीक थी। वीडियो के साथ लगाए गए भ्रामक कैप्शन पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की अफवाहें फैलाकर एक ईमानदार पुलिस अधिकारी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश बेहद निंदनीय है।

स्थानीय लोगों ने किया समर्थन

स्थानीय लोगों और कार्यक्रम आयोजकों ने भी स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह पारिवारिक और सांस्कृतिक माहौल में आयोजित किया गया था, जिसमें कई गणमान्य लोग मौजूद थे। ऐसे में वीडियो को गलत तरीके से प्रस्तुत करना अनुचित और भ्रामक है।

जनता से अपील

हिल व्यू कॉलोनी दुर्गा पूजा कमिटी ने आम जनता से अपील की है कि वे बिना सत्यापन किसी भी वायरल वीडियो या सोशल मीडिया पोस्ट पर विश्वास न करें और अफवाहों से सावधान रहें।

Related Post