जमशेदपुर: झारखण्ड राज्य के जननायक और दिशोम गुरू शिबू सोरेन की जन्म जयंती के पावन अवसर पर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (JMM), पूर्वी सिंहभूम जिला के तत्वावधान में “दिशोम गुरू शिबू सोरेन मेमोरियल कप-2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट 10 एवं 11 जनवरी 2026 को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान में आयोजित होगा।
इस प्रतियोगिता में पूर्वी सिंहभूम जिला की कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें जिले के 11 प्रखंडों से 11 प्रखंड स्तरीय टीमें, 4 नगर क्षेत्रों से 4 नगरीय टीमें तथा 1 जिला स्तरीय टीम शामिल होंगी। खास बात यह है कि इस टूर्नामेंट में जिले के विधायकगण सहित जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के झामुमो के लगभग 240 पदाधिकारी खिलाड़ी के रूप में अपनी खेल प्रतिभा और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे।
टूर्नामेंट नॉकआउट प्रारूप में खेला जाएगा, जिसमें प्रत्येक मैच 6-6 ओवर का होगा। हर मुकाबले में एक खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता के समापन पर श्रेष्ठ बल्लेबाज, श्रेष्ठ गेंदबाज और प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को भी सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता के विजेता दल को ₹51,000 नकद पुरस्कार के साथ दिशोम गुरू मेमोरियल कप, जबकि उप-विजेता दल को ₹31,000 नकद पुरस्कार के साथ मेमोरियल कप प्रदान किया जाएगा।
आयोजन के पहले दिन 10 जनवरी 2026 को प्रातः 9 बजे झंडोत्तोलन के बाद खेल की शुरुआत होगी। वहीं, दूसरे दिन 11 जनवरी 2026 को अपराह्न 12:15 बजे दिशोम गुरू शिबू सोरेन की जन्म जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। इसी अवसर पर जमशेदपुर के पूर्व शहीद सांसद सुनील कुमार महतो की जन्म जयंती पर भी उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। फाइनल मैच से पहले जिले के वरिष्ठ नेताओं एवं वरिष्ठ महिला नेत्रियों के लिए फन गेम का भी आयोजन किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार यह खेल प्रतियोगिता झारखण्ड आंदोलन की मूल भावना, एकता और अनुशासन को समर्पित है तथा पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच आपसी सौहार्द, खेल भावना और एकता को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी।

