दुमका। जिले में कर्तव्य निर्वहन के दौरान एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई है, जिसमें यातायात बहाल कराने में जुटे एक सब-इंस्पेक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक सब-इंस्पेक्टर की पहचान हेमन्त भगत के रूप में हुई है, वहीं घायल कांस्टेबल देवकी प्रजापति का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में गिट्टी लदे दो ट्रकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई थी। इस हादसे में ट्रक चालक और खलासी समेत कुल चार लोग घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद सब-इंस्पेक्टर हेमन्त भगत सड़क पर यातायात सुचारु कराने के लिए दोबारा दुर्घटनास्थल पर पहुंचे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे मौजूद एसआई हेमन्त भगत और कांस्टेबल देवकी प्रजापति को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसआई हेमन्त भगत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल देवकी प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई।

