रांची। राजधानी रांची के कांके रोड स्थित केयर एंड क्योर मेडिसन में बीती देर रात अचानक भीषण आग लग गई। दुकान बंद होने के बाद अचानक धुआं निकलता देख आसपास के लोग सतर्क हुए, लेकिन कुछ ही देर में आग की लपटें बाहर तक दिखाई देने लगीं। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरी दवा दुकान जलकर खाक हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने दुकानदार और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकान में रखी सभी दवाइयां और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुके थे।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

