रांची।* राजधानी रांची के जगन्नाथपुर मंदिर परिसर के बाहर खड़ी दो मोटरसाइकिलों में असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की घटना सामने आई है। यह घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। मंदिर के बाहर पार्किंग में खड़ी बाइकों से अचानक धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की लपटें देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। मौके पर दमकल की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दोनों बाइकें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आगजनी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
इस घटना के बाद मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने रात के समय गश्त बढ़ाने और मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

