जमशेदपुर। मानगो के परमानंद नगर निवासी विशाल गोप पर शुक्रवार रात उस वक्त जानलेवा हमला किया गया, जब वह रविवार को ब्लिंकिट में डिलीवरी बॉय के रूप में काम खत्म कर हयात नगर होते हुए स्टोर लौट रहे थे। रास्ते में चार युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर मोबाइल और नकदी छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर एक आरोपी ने चापड़ से उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए विशाल को अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर भागना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विशाल गोप रोज की तरह ऑर्डर की डिलीवरी पूरी कर वापस ब्लिंकिट स्टोर जा रहे थे। इसी दौरान हयात नगर के रास्ते में चार युवकों ने उन्हें घेर लिया और लूटपाट शुरू कर दी। जब विशाल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों में शामिल मोहम्मद इस्लाम ने चापड़ से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराकर विशाल किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हमलावरों ने उनकी मोटरसाइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर विशाल के परिजन और उनके साथ काम करने वाले साथी पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह के साथ उलीडीह थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना में मौजूद प्रशासनिक अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे, जहां से क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल बरामद की गई और एक आरोपी को पकड़कर थाना लाया गया। पुलिस को देखते ही अन्य तीन आरोपी मौके से फरार हो गए।
थाने पहुंचकर विशाल गोप ने बताया कि हमलावरों ने पहले पैसे और मोबाइल छीनने की कोशिश की और विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से चापड़ से हमला किया गया। बमुश्किल जान बचाकर वह मौके से भाग सके। पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह ने कहा कि इस घटना से विशाल का पूरा परिवार दहशत में है। उन्होंने जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

