गुआ: गुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बेतारकिया गांव में कीटनाशक के प्रभाव से 68 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रधान अंगड़िया के रूप में की गई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार प्रधान अंगड़िया बागवानी का कार्य करते थे। बताया गया कि मंगलवार को वे बाजार से कीटनाशक खरीदकर लाए थे। बुधवार की देर शाम उन्होंने अपने बागान में कीटनाशक का छिड़काव किया। इस दौरान कीटनाशक उनके हाथों में लग गया, लेकिन काम के बाद हाथों को ठीक से साफ नहीं किया गया।
मृतक के बेटे मधु अंगड़िया ने बताया कि रात करीब 8 बजे भोजन करने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें उल्टी, चक्कर और घबराहट की शिकायत हुई। परिजन उन्हें इलाज के लिए ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि हालत और बिगड़ती चली गई।
गुरुवार सुबह करीब 6 बजे उन्हें टाटा स्टील मेन हॉस्पिटल, नोवामुंडी में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों को आशंका है कि कीटनाशक का असर भोजन के साथ शरीर में चला गया।
सूचना मिलने पर गुआ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी। प्रशासन ने कीटनाशक के उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की है।

