Breaking
Fri. Mar 6th, 2026

जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आंदोलन ही राजनीति का आधार : पवन कुमार पांडेय

जमशेदपुर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के राष्ट्रीय महासचिव (नगर निकाय) डॉ. पवन कुमार पांडेय ने कहा है कि राजनीति का असली उद्देश्य जनता की समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए लगातार आंदोलन करना है। यदि जनता का काम बाधित होता है तो उसके खिलाफ तुरंत संघर्ष शुरू होना चाहिए। उन्होंने यह बातें शुक्रवार को मानगो डिमना क्षेत्र में आयोजित एनसीपी की जिला इकाई की महत्वपूर्ण पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहीं।

डॉ. पवन कुमार पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि आंदोलन जनता के मुद्दों को व्यवस्था तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इससे न केवल प्रशासन बल्कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी यह स्पष्ट संदेश जाता है कि जनता के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे संगठन को साथ लेकर अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को चिन्हित करें और जनता के हित में संघर्ष का रास्ता अपनाएं। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति पार्टी में जिम्मेदारी संभालता है, उसे जनता की आवाज बनकर कार्य करना चाहिए।

बैठक के दौरान संगठनात्मक विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई और गोलमुरी मंडल के अध्यक्ष की नियुक्ति की घोषणा की गई। डॉ. पांडेय ने बताया कि नव-नियुक्त मंडल अध्यक्ष पूर्व में एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता रहे हैं और अब एनसीपी के पदाधिकारी के रूप में जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।

कार्यक्रम का आयोजन मानगो डिमना क्षेत्र में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन मानगो नगर निगम क्षेत्र प्रभारी तन्मय सरकार ने किया, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी सौरव ओझा ने निभाई। बैठक में अनवर हुसैन, जितेंद्र मिश्रा, तेजपाल सिंह टोनी, मनोज मलहान, विनोद सिंह और कन्हैया अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post